पंचायत समिति उपाध्यक्ष कृष्ण भोज ने पूजा अर्चना कर किया शुभारंभ।
किरण राही/पधर(मंडी)।
उपमंडल की ग्राम पंचायत गवाली में पवित्र सावन मास के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाला तीन दिवसीय शाढणु मेला इलाका रुहाड़ा के बड़ादेव सूत्रधारी ब्रह्मा की अगुवाई में निकली शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ। जिसमें देव पाइंदल ऋषि सिलग विशेष रूप से शामिल हुए।
पंचायत समिति द्रंग के उपाध्यक्ष कृष्ण भोज ने देवताओं की पूजा अर्चना कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान देव दर्शन के लिए सैकड़ों की तादाद में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
दोनों देवताओं ने सर्वप्रथम अपने पुराने शह गवाली खेल मैदान में हाजिरी भर कर श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। जहां देवता के गुरों द्वारा देव खेल के माध्यम से सुख, समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद दिया गया।
तदोपरांत गवाली से पुंदल होते हुए मेला स्थल तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें देवी देवताओं के वाद्य यंत्रों की सुर ध्वनि से माहौल भक्तिमय हो गया। कारदारों, देवलुओं और श्रद्धालुओं ने देवताओं संग थिरकने का भी खासा लुत्फ लिया।
इस दौरान उपस्थित समूह को संबोधित करते हुए मुख्यातिथि कृष्ण भोज ने कहा कि मेले और तीज त्यौहार हमारी प्राचीन एवं समृद्ध संस्कृति के परिचायक हैं। पवित्र सावन मास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शाढणु मेला साल दर साल बुलंदियों की ओर अग्रसर है।
जिसमें ग्रामीणों को घर द्वार पर देवदर्शन का अवसर मिलता है। उन्होंने मेले के सफल आयोजन को लेकर इक्यावन सौ रुपये की सहयोग राशि मेला समिति को भेंट की।
इससे पहले मेला समिति अध्यक्ष केशव राम, पंचायत प्रधान सुनील डोगरा और उपप्रधान जीवन ठाकुर ने मुख्यातिथि और साथ आए गणमान्यों सम्मानित कर सत्कार किया।
इस अवसर पर महिला मंडल की महिलाओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
इस दौरान मेला समिति अध्यक्ष केशव राम, खेम सिंह ठाकुर, ओम प्रकाश, जीवन सिंह, आईटीआई पधर आईएमसी चेयरमैन मोहिंद्र शर्मा, ग्राम पंचायत चुक्कू के उपप्रधान रमेश कुमार, सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
