23नंवबर को पंचायत खेल मैदान में मनाया जाएगा उपमंडल स्तरीय मेला
एसडीएम सुरजीत ठाकुर ने विभागीय अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश
किरण राही/पधर(मंडी)।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी और उपमंडल प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में 23 नंवबर को पधर में मनाए जाने वाले रेडक्रॉस मेला की तैयारियों को लेकर एसडीएम सुरजीत सिंह ठाकुर ने बुधवार को समीक्षा बैठक की। जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस एसडीएम सुरजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि रेड क्रॉस मेला का मुख्य उद्देश्य सामाजिक कल्याण और जन जागरूकता को बढ़ावा देना है। मेले में नौनिहालों, बुजुर्गों, विभिन्न विभागों, स्वयं सहायता समूह, युवक मंडल और महिला मंडल आदि की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्टॉल और प्रदर्शनी लगा कर लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही यह मेला स्थानीय प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करेगा। जिसके माध्यम से वे अपने कौशल का प्रदर्शन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मेले की थीम नशा मुक्त पधर, स्वस्थ पधर रखी गई है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में नशा मुक्त वातावरण को बढ़ावा देना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूकता फैलाना है। इस थीम के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिता और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।
इसमें मुख्य रूप से नशा मुक्ति पर आधारित गतिविधियां होगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से लोगों को नि:शुल्क चिकित्सा जांच, और स्वास्थ्य सबंधित परामर्श सहायता भी उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित आवश्यक तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
