भोरंज।हमीरपुर।
हिमाचल प्रदेश में कुछ समय से अनोखे मामले सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में ताजा मामला हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से सामने आया है। यहां भोरंज उपमंडल में एक युवक के साथ शादी के नाम पर लाखों रुपए की ठगी हुई है।
शादी के नाम पर ठगी
मामले में युवक ने अपनी पत्नी और बिचौलिए के खिलाफ भोरंज थाने में FIR दर्ज करवाई है। युवक का आरोप है कि उसकी पत्नी गहने और पैसे लेकर फरार हो गई है।शिकायतकर्ता जितेश शर्मा ने बताया कि वो भोरंज के साही गांव का रहने वाला है। बीती 13 दिसंबर को उसने मंडी जिले के सरकाघाट के रहने वाले बलदेव शर्मा ने बिचौलिया बन उसकी शादी करवाई थी। शादी करवाने की एवज में बिचौलिये ने उससे एक लाख 50 हजार रुपए लिए थे।
दुल्हन ने बनाया बहाना
बलदेव शर्मा बबीता नाम की लड़की को भोरंज कोर्ट में शादी करने के लिए ले आया था। मगर लड़की के पास कोई प्रमाण पत्र नहीं था। ठगों ने यकीन दिलवाया कि अभी वो प्रमाण पत्र लाना भूल गए हैं- जल्द ही सभी दस्तावेज उपलब्ध करवा देंगे। ऐसे में वकील ने शपथ पत्र के माध्यम से दोनों की बबीता और जितेश की शादी करवा दी थी।इसके बाद जितेश ने परिजनों के समक्ष पूरे विधि-विधान से अपने मूल गांव के मंदिर में भी शादी की। शादी के करीब चार दिन बाद युवती ने अपनी मां के बीमार होने का बहाना बनाया और यमुनानगर जगादरी चली गई। इस दौरान जितेश भी उसके साथ यमुनानगर गया।
मां की बिगड़ी तबीयत
जितेश ने बताया कि अस्पताल में बलदेव और एक महिला पहले से ही मौजूद थे। उन्होंने बताया कि बबीता की मां बहुत बीमार है और ICU में दाखिल है। ऐसे में डॉक्टर उनसे मिलने नहीं दे रहे हैं। इसी बीच बबीता ने जितेश को वापस घर भेज दिया और कहा कि वो मां के ठीक होते ही घर आ जाएगीजितेश वापस घर आया, लेकिन बाद में जब उसने बबीता को फोन किया तो बबीता ने उसके फोन का कोई जवाब नहीं दिया। जितेश ने बिचौलिये बलदेव को फोन किया तो वो भी टालमटोल करने लगा। ऐसे में जितेश को ठगी का शक हुआ।
बिचौलिए ने किया खेला
जितेश ने बताया कि उसने बिचौलिए से पैसे लौटाने के लिए कहा, लेकिन वो पैसे वापस करने से मना कर रहा है। जबकि, बबीत भी घर से गहने और कुछ कैश लेकर कहीं गायब हो गई है। शातिरों ने योजना बना कर शादी के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी की है। मामले की पुष्टि करते हुए भोरंज थाना के SHO प्रशांत ठाकुर ने बताया कि धोखाधड़ी के इस केस में FIR कर दी गई है। पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
