हमीरपुर
जिला हमीरपुर के नादौन उपमंडल के पुतड़ियाल ग्राम पंचायत के आदर्शनगर गांव निवासी सेना के जवान रिंकू कुमार का रविवार को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जवान का पार्थिव शरीर शनिवार देर रात तिरंगे में लिपटा हुआ उनके पैतृक गांव पहुंचा। इस दृश्य ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया।
रिंकू कुमार वर्ष 2013 में भारतीय सेना की ईएमई कोर में भर्ती हुए थे और वर्तमान में असम में तैनात थे। कुछ दिन पहले पेट संक्रमण से पीड़ित होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। जवान का पार्थिव शरीर रविवार सुबह पैतृक श्मशान घाट ले जाया गया। सेना के जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी। इसके बाद 4 वर्षीय बेटे रोनित ने अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी। इस भावुक पल ने हर किसी की आंखें नम कर दीं।
परिवार में मातम का माहौल है। जवान की पत्नी, माता-पिता गहरे सदमे में हैं। पूरे गांव ने भारी मन से अपने बेटे को विदाई दी। प्रशासन की ओर से तहसीलदार रोहित कंवर ने मौके पर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी। परिजनों के अनुसार, रिंकू कुमार एक महीने पहले ही छुट्टी काटकर ड्यूटी पर लौटे थे। वह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और 4 वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। जवान के निधन पर क्षेत्र में शोक की लहर है। उनकी निष्ठा और बलिदान को याद करते हुए सैकड़ों लोगों ने उनके अंतिम संस्कार में भाग लिया और नम आंखों से उन्हें विदाई दी।
