ब्यूरो।बिलासपुर
-पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हुए जानलेवा हमले में घायल हुए पीएसओ संजीव कुमार से मिलने आज उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक एम्स बिलासपुर पहुंचे। उन्होंने संजीव कुमार की कुशलक्षेम पूछी और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
संजीव कुमार की हालत में सुधार
उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि संजीव कुमार की हालत में लगातार सुधार हो रहा है और वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उन्होंने कहा कि संजीव कुमार ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हमला करने आए हमलावरों का डटकर सामना किया और अपनी जान की परवाह किए बिना उनकी रक्षा की।
उपायुक्त ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में यह संभवतः पहली घटना है जब किसी पुलिस जवान ने अपनी जान जोखिम में डालकर किसी व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की हो। उन्होंने कहा कि संजीव कुमार का यह साहसिक कार्य विभाग के अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
संजीव कुमार का पुलिस करियर
संजीव कुमार जिला बिलासपुर की सदर तहसील के लोहार निहाल गांव के निवासी हैं। वे वर्ष 2011 में हिमाचल प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए थे और 2016 से जिला में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उपायुक्त ने संजीव कुमार के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि उनका यह साहसिक कार्य हमेशा याद रखा जाएगा और जिला प्रशासन उनके योगदान की सराहना करता है।
