अंशुल शर्मा। घुमारवीं
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को राज्यसभा में सदन का नेता बनने पर घुमारवीं भाजपा में खुशी है। इस ताजपोशी पर घुमारवीं भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने हर्ष जताया है। नड्डा का सदन का नेता बनने पर मंगलवार को घुमारवीं भाजपा ने पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग की अगवाई मिठाई बांटी तथा भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि बिलासपुर जिला के सपूत जगत प्रकाश नड्डा का राज्यसभा में सदन का नेता बनने से हिमाचल प्रदेश के लोग गौरान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि नड्डा मोदी कैबिनेट के प्रमुख मंत्रियों में से एक हैं। अब राज्यसभा में नेता की बड़ी जिम्मेवारी देकर मोदी ने फिर से नड्डा पर भरोसा जताया है। इससे नड्डा का कद और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि नड्डा पर जो भरोसा प्रधानमंत्री ने जताया है, उस पर वह बिल्कुल खरा उतरेंगे तथा हिमाचल प्रदेश सहित देश का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा ने एबीवीपी से अपने सियासी सफर की शुरुआत की थी। उन्हें साल 2012 में राज्यसभा के लिए चुना गया। 2019 में उन्हें भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष पद का जिम्मा दिया गया। फिर 2020 में अमित शाह के केंद्रीय गृह मंत्री बनने पर उन्हें पार्टी का पूर्ण अध्यक्ष बना दिया गया।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष सुरेश ठाकुर, राजेश शर्मा, नवीन शर्मा, महेंद्र पाल रतवान, कर्म सिंह चंदेल, सुरेंद्र कुमार, राजेश कुमार, शिव कुमार, नरेश कुमार, अंकुश चंदेल, विशाल, लक्की व अंकु सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।