किरण /पधर (मंडी)।
निर्माण मजदूर फेडरेशन हिमाचल प्रदेश सम्बंधित सीटू की दरंग इकाई का खण्ड स्तरीय सम्मेलन सामुदायिक भवन पधर में सीटू के जिला उपाध्यक्ष एवम डलाह वार्ड से जीप सदस्य रवि कांत की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
सम्मेलन में गवाली पंचायत के प्रधान सुनील डोगरा, उप प्रधान जीवन लाल, शीलग पंचायत के उप प्रधान राजेन्द्र और जनवादी नोजवान सभा के राज्य अध्यक्ष सुरेश सरवाल भी उपस्थित थे। सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए रविकांत ने कहा कि मजदूरों के लंबे संघर्षों के बावजूद वर्ष 1996 में केंद्र ने मजदूरों के लिए कल्याणकारी बोर्ड का गठन किया गया और सीटू के लंबे संघर्ष के कारण और यूनियन ने हाइकोर्ट में केस करने के बाद वर्ष 2009 में हिमाचल प्रदेश में बोर्ड का गठन किया गया। उन्होंने कहा कि बोर्ड के माध्यम से पंजीकृत मजदूरों को जो लाभ मिलते हैं वो कई वर्षों से लंबित पड़े हैं जोकि मजदूरों को नहीं मिल रहे हैं। इसके साथ साथ उन्होंने हिमाचल प्रदेश बोर्ड में पंजीकरण की प्रक्रिया सरल करने, मजदूरों को मिलने वाले लाभ जोकि पहले मिलते थे उनको पूर्व की भांति वाशिंग मशीन, सोलर लाइट, इंडक्शन, हीटर, कंबल,पानी के फ़िल्टर शीघ्र देने की मांग की। इसके साथ साथ मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी 350 रु करने, मनरेगा मजदूरों को साल में 200 दिन का कार्य देने की भी मांग की। इस मौके पर सामुदायिक भवन पधर से बाजार होते हुए एसडीएम कार्यालय पधर तक रैली निकाली गई। इस दौरान दरंग खण्ड की विभिन्न पंचायतों के 320 से अधिक मजदूरों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में 31 सदस्यी कमेटी का चुनाव किया गया जिसमें मीना देवी को दोबारा प्रधान, अनिता देवी को सचिव, जीवन लाल, रीता देवी, किरण कुमारी, रूमलो देवी व पिंकी को उपाध्यक्ष तथा कमला, आशा, रीता, व सैलजा को सह सचिव चुना गया।
