किरण / पधर ( मंडी )
हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के न्यायाधीश सतेन वैद्य ने पधर सब जज कोर्ट परिसर स्थापित करने के लिए चयनित भुमि का निरीक्षण किया।
इस दौरान एसडीएम पधर संजीत सिंह ठाकुर, डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता जितेंद्र गुप्ता, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशाषी अभियंता राजेश मोंगरा, पुलिस थाना प्रभारी पधर अशोक कुमार, राजस्व विभाग मंडी और पधर की टीम सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। पधर में सब जज कोर्ट खोलने की प्रक्रिया हाई कोर्ट द्वारा पूरी की जा रही है।
लोगों की उपमंडल मुख्यालय में सब जज कोर्ट स्थापित करने की मांग पिछले एक दशक से चली आ रही है। इसके लिए तमाम औपचारिक्ताएं हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की ओर से ही पूरी की जानी है। इस मामले को प्रदेश सरकारों द्वारा कई मर्तबा हाई कोर्ट से उठाया गया है। इसी कड़ी में हाई कोर्ट के न्यायाधीश सतेन वैद्य शनिवार सुबह पधर पहुंचे। उन्होंने प्रशासनिक टीम के साथ कोर्ट के लिए चयनित दो तीन स्थानों पर जाकर साइट निरीक्षण किया।
न्यायाधीश सतेन वैद्य ने पधर डायनापार्क बल्ह मार्ग के किनारे राजस्व मुहाल स्नेड के कोठी गांव में कोर्ट परिसर स्थापित करने के लिए तीन बीघा खाली भूमि का अवलोकन किया। कोर्ट परिसर के लिए उन्होंने चयनित भुमि को अनुकूल बताया जो बाजार से मात्र आधा किलो मीटर की दूरी पर है। प्रशासनिक अधिकारियों को हाई कोर्ट के न्यायाधीश ने लैंड ट्रांस्फर की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। बता दें कि पधर में सब जज कोर्ट स्थापित करने की मांग लंबे समय से चली आ रही है। इसके लिए तमाम औपचारिक्ताएं हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट द्वारा ही पूरी की जानी है।
हाई कोर्ट शिमला के न्यायाधीश के पधर दौरे से पधर में सब जज कोर्ट की लंबित मांग के शीघ्र पूरा होने की उम्मीद लोगों में जगी है। आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश हाइकोर्ट द्वारा पधर में सब जज कोर्ट स्थापित करने का बड़ा ऐलान किया जा सकता है।
