सरकाघाट, 08 जून।
पंचायत समिति गोपालपुर के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को सरकाघाट स्थित सभागार में आयोजित किया गया। समारोह में पीठासीन अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी (ना.) सरकाघाट राजेंद्र कुमार गौतम ने पंचायत समिति के सभी 27 नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी कार्तिकेय डोगरा भी उपस्थित रहे।
शपथ ग्रहण के उपरांत अपने संबोधन में राजेंद्र कुमार गौतम ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायत समिति ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने सदस्यों से अपेक्षा जताई कि वे जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों के विकास तथा आम जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगे।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं सरकार की विकास योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। जनप्रतिनिधियों के सक्रिय सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान खंड विकास अधिकारी कार्तिकेय डोगरा ने नवनिर्वाचित सदस्यों को पंचायत समिति की कार्यप्रणाली, अधिकारों, कर्तव्यों एवं विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
समारोह के अंत में प्रशासन की ओर से सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके सफल, जनोन्मुखी एवं विकासपरक कार्यकाल की कामना की गई।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.