किरण /पधर( मंडी )।
उपमंडल मुख्यालय पधर में सब जज कोर्ट खोलने बारे क्षेत्र का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को स्थानीय विधायक जवाहर ठाकुर की अध्यक्षता में मुख्यामन्त्री जय राम ठाकुर से शिमला में मिला।
इस दौरान बार एसोसिएशन पधर के अध्यक्ष विपत राम मुगलाना, सीनियर अधिवक्ता जय सिंह चौहान, अधिवक्ता राजेश चंदेल, ग्राम पंचायत डलाह के प्रधान हेमन्त कुमार महंत, रिटायर्ड मेडिकल सुपरिडेंट डॉ टीसी महंत, पूर्व जीप सदस्य व प्रदेश भाजपा सैनिक प्रकोष्ठ सदस्य कैप्टन हेम सिंह, भाजपा बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ सदस्य लेख राज शर्मा, किरण चौहान तथा मुनीश ठाकुर दोपहर बाद दरंग के विधायक जवाहर ठाकुर की अध्यक्षता में विधान सभा शिमला में मिले।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पधर उपमंडल जिला मंडी की चौहारघाटी के अति दुर्गम क्षेत्र, इलाका दुन्धा, द्रंग सिरा व नेरकलां के पिछड़े क्षेत्र से बना हुआ है।
उपमंडल के दीवानी व फौजदारी मुकदमे सिविल जज कोर्ट जोगिंदर नगर में लंबित है जोकि 1200 के करीब है। उन्होंने मुख्यामन्त्री को जानकारी दी कि चौहारघाटी के इलाका बेथेरी से जोगिंदर नगर पहुंचने के लिए आम जनता को वाया मंडी लगभग 100 किमी का सफर तय करना पड़ता है।
उपमंडल मुख्यालय पधर क्षेत्र का केंद्रीय स्थल है और जहां पर अस्पताल, कॉलेज, खण्ड विकास कार्यालय सहित अन्य सभी उच्च कार्यालय हैं। पधर में सब जज कोर्ट की मांग सन 2007 से चली आ रही है, ताकि क्षेत्र की 46 पंचायतों के लोगों को घर द्वार पर न्यायिक सुविधा उपलब्ध हो सके।
प्रतिनिधिमण्डल ने बताया कि हाल ही में माननीय उच्च न्यायलय के न्यायाधीश द्वारा अदालत परिसर के लिए भूमि का निरीक्षण व चयन किया गया है और राजस्व विभाग को निर्देश दिए है कि उपरोक्त भूमि को शीघ्रता से स्थान्तरित किया जाए।
वहीं सन 2007 से जोगिंदर नगर सिविल कोर्ट में पधर उपमण्डल के विचाराधीन मामले माननीय उच्च न्यायलय के आदेश से अलग से सूचीबद्ध किए गए हैं। पधर में सिविल जज कम ज्यूडिशियल मैजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी का कोर्ट खोलने बारे सारी औपचारिकतायें माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार पूर्ण कर ली है।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के मुख्यामन्त्री जय राम ठाकुर से मांग की है कि आम जनता की इस महत्वपूर्ण मांग को शीघ्रता से पूरा किया जाए। क्षेत्र के लोगों को आशा ही नहीं अपितु पूर्ण विश्वास है कि आप उनके विश्वाश को टूटने नहीं देंगे। वहीं मुख्यामन्त्री जय राम ठाकुर ने प्रतिनिधिमण्डल को आश्वस्त किया है कि उनकी मांग को आने वाले समय में पूरा कर दिया जाएगा।