आजादी के 75वें अमृत महोत्सव पर पधर कुन्नू झटिंगरी में निकली प्रभात फेरी के साथ तिरंगा यात्रा

किरण /पधर ( मंडी )।

उपमंडल मुख्यालय पधर में आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर प्रभात फेरी के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम पधर संजीत सिंह ने की।

प्रभात फेरी नेता जी सुभाष चंद्र स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पधर के मैदान से निकाली गई। पूरे पधर बाजार की परिक्रमा करते हुए प्रभात फेरी एसडीएम कार्यालय के प्रांगण में संपन हुई। एसडीएम पधर ने आजादी के अमृत महोत्सव की उपमंडल वासियों को शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्ष देश की तरक्की के लिए मील पत्थर साबित हुए हैं। दुनियां में आज देश की पहचान शक्तिशाली और संपन देशों में बन गई है। स्थानीय लोगों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, अधिकारियों सहित महिला समूहों, युवक मंडल के सदस्यों ने आजादी के अमृत महोत्सव में बढ़चढ़ कर अपनी भागेदारी सुनिश्चित की।

उधर एसडीएम पधर के आहवान पर विकास खंड की सभी 45 पंचायतों में सामुहिक रूप से आजादी का अमृत महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुन्नू में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता विकास खंड अधिकारी पधर राकेश पटियाल ने की। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कार्यालय कुन्नू से प्रभात फेरी और तिरंगा यात्रा निकाली गई। अपने संबोधन में बीडीओ पधर पटियाल ने आजादी के 75वें अमृत महोत्सव की सभी को बधाई दी। उन्होंने आहवान किया कि स्वतंत्रता के अधिकार में सभी को जीवन निर्वहन करना है और देश प्रदेश को तरक्की के पथ पर आगे ले जाना है।

समारोह में स्थानीय पंचायत समिति की सदस्य अधिवक्ता वीना पराशर, पंचायत प्रधान पमिंद्रा भाटिया, उप प्रधान अविनाश कटोच, प्रसिद्ध लोक गायक सतीष चंद भाटिया, रीटू, वार्ड सदस्य बिक्रांत, हरीश बनेर, शिव चंद ठाकुर सहित जन प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी, आशा वर्करों और युवक मंडल के सदस्यों ने भाग लिया। उपमंडल स्तर पर तीसरा कार्यक्रम चौहारघाटी के मुख्य द्वार ग्राम पंचायत जिल्हण के झटिंगरी में आयोजित किया गया। यहां कार्यक्रम की अध्यक्षता नायब तहसीलदार टिक्कन ने की। उपमंडल स्तर पर तीनों स्थानों में आजादी के 75वें अमृत महोत्सव की खूब धूम रही।

Leave a Comment

error: Alert: Content is protected !!