इंदौरा, 8 जून। विधानसभा क्षेत्र इंदौरा के नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों को आज एसडीएम इंदौरा डॉ सुरिंदर ठाकुर द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत विधायक मलेंद्र राजन ने सभी नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति सदस्य ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उन्हें प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं की पूरी जानकारी रखनी चाहिए, ताकि इनका सीधा लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा सके। विधायक ने कहा कि पंचायत समिति क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए अधिक धनराशि उपलब्ध करवाने हेतु वे मुख्यमंत्री जी से आग्रह करेंगे, ताकि क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति मिल सके।
इसके उपरांत विधायक मलेंद्र राजन ने कंदरोडी विश्रामगृह में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में चल रहे सभी विकास कार्यों में तेजी लाई जाए तथा जिन सड़कों की मरम्मत प्रस्तावित है, उनका कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों की गुणवत्ता तथा समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.