नशा उन्मूलन को सभी जनप्रतिनिधियों से प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने का किया आह्वान
बिलासपुर, 08 जून: बिलासपुर में जिला पंचायत संसाधन केंद्र भवन के प्रशिक्षण हाॅल में आज जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों के लिए शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने सभी 14 नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण करने वाले सदस्यों में वार्ड नंबर 01 घंडालवीं से जमना देवी, वार्ड नंबर 02 गाहर से रक्षा कुमारी, वार्ड नंबर 03 कुठेड़ा से निशु देवी, वार्ड नंबर 04 ननावां से प्रोमिला देवी, वार्ड नंबर 05 बड़गांव से नरेंद्र कुमार, वार्ड नंबर 06 रोहल से जरनैल सिंह, वार्ड नंबर 07 जेजवीं से आशा देवी, वार्ड नंबर 08 जांगला से देवांश चंदेल, वार्ड नंबर 09 बामटा से सपना कुमारी, वार्ड नंबर 10 बरमाणा से अशोक कुमार, वार्ड नंबर 11 नम्होल से सुरभि ठाकुर, वार्ड नंबर 12 जुखाला से लेख राम, वार्ड नंबर 13 स्वाहण से रतन चंद तथा वार्ड नंबर 14 कोटखास से तरसेम सिंह शामिल रहे।
इस मौके पर उपायुक्त ने सभी नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मतदाताओं ने उन पर विश्वास व्यक्त किया है, ऐसे में जन आकांक्षाओं पर खरा उतरना उनकी अहम जिम्मेदारी हो जाती है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों के समग्र विकास तथा आमजन के कल्याण के लिए पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही तथा समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
राहुल कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनकल्याण और विकास के दृष्टिगत अनेक कल्याणकारी योजनाएं एवं कार्यक्रम शुरू किये हैं, जिनके माध्यम से समाज की अंतिम पंक्ति तक बैठे व्यक्तियों को समयबद्ध लाभान्वित करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने से समाज से नशा उन्मूलन के लिए सभी जनप्रतिनिधियों से प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने का भी आह्वान किया
उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधि ग्रामीण विकास को गति देने, स्थानीय समस्याओं के समाधान तथा लोगों की आकांक्षाओं को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित सदस्य से आशा व्यक्त करते हुए कहा कि वह अपने कार्यकाल के दौरान जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के समग्र विकास में सक्रिय योगदान देंगे।
उपायुक्त ने कहा कि जिला परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए शीघ्र ही तिथि घोषित की जाएगी, जिसके उपरांत जिला परिषद का कार्य पूर्ण रूप से प्रारंभ हो सकेगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, जिला पंचायत अधिकारी यश पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.