किरण /पधर(मंडी)।
पूर्व मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की प्रचंड लहर चल रही है। कांग्रेस के पक्ष में जनादेश देख भाजपा का शीर्ष नेतृत्व बौखलाहट में है। प्रधानमंत्री एक माह में दूसरी बार मंडी जिला में चुनावी सभा कर रहे हैं।
सरकार की फिजूलखर्ची से आज प्रदेश आर्थिक दिवालिए के कगार पर खड़ा है।
प्रदेश में वित्तिय संसाधन बढ़ाने के बजाए आर्थिकी बिगाड़ने की कोशिश की गई है।
शुक्रवार को ग्राम पंचायत सियून, कचौटधार, तरयांबली, पाली और शीलग के जनसंपर्क अभियान दौरान नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 5 साल के कार्यकाल में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
महंगाई, भ्र्ष्टाचार और बेरोजगारी का बोलबाला प्रदेश सरकार के इस कार्यकाल में रहा है।
आज प्रदेश में 75 हजार से अधिक पद विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े हैं। जिन्हें भरने में सरकार नाकाम रही है। लाखों पढ़े लिखे युवा बेरोजगारी के इस दौर से परेशान हैं। प्रदेश की जनता में सरकार के खिलाफ आक्रोश है। सरकार पूरी तरह जनादेश खो चुकी है।
ऐसे में सरकार की डूबती नैया देखते हुए प्रधानमंत्री दूसरी बार चुनावी जनसभा करने मंडी जिला के सुंदरनगर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही द्रंग के रुके पड़े विकास कार्यों को गति दी जाएगी। हर खेत को सिंचाई सुविधा प्रदान की जाएगी। छोटे बड़े सभी गांव को एंबुलेंस सड़क सुविधा प्रदान की जाएगी।
घोघरधार, बधौनीधार, बासाधार, हिमरीगंगा को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा।
.
प्रदेश के 2555 एसएमसी अध्यापकों को करेंगे रेगुलर
कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही 2555 एसएमसी अध्यापकों और आउट सोर्स कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जय राम सरकार ने उस कार्यकाल में कर्मचारियों का जमकर उत्पीड़न किया।
प्रदेश कांग्रेस शनिवार को अपना घोषणा पत्र जारी करेगी। शिमला में कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला मेनिफेस्टो लांच करेंगे। जबकि मंडी में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर 11:00 बजे घोषणा पत्र जारी करेंगे।
