किरण / पधर ( मंडी )
एकल नारी शक्ति संगठन द्रंग ब्लॉक की बैठक ग्राम पंचायत कुन्नू में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संगठन की जिला प्रधान मीना शर्मा ने की। इस बैठक में 11 पंचायतों की 25 एकल नारियों ने भाग लिया। उपस्थित एकल नारियों ने बैठक में अपनी समस्याओं के बारे में विचार विमर्श किया।
संगठन द्वारा एकल नारियों के हित में अब तक किए गए कार्यों पर भी विस्तार से चरचा की गई। जिला प्रधान मीना शर्मा ने संगठन के उदेश्यों और उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एकल नारियों ने जो भी समस्याएं संगठन के माध्यम से सरकार के समक्ष रखा है उन पर विभाग और सरकार ने कार्यवाही करते हुए अधिकांश समस्याओं का निवारण किया है।
विधवा और परित्यकता महिलाओं के पैन्शन संबंधी अधिकांश मामलों को निपटाते हुए एकल नारियों को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से राहत प्रदान की गई है। जिसके लिए उन्होंने सरकार का आभार प्रकट किया है। उन्होंने एकल नारी संगठन की मजबूती को लेकर भी सुझाव दिए। इसके लिए पंचायत स्तर पर शिविर लगाए जाने की रूपरेखा तैयार की गई। उन्होंने एकल नारियों का आहवान किया कि वह गांव परिवेश की हर एकल और परित्यकता नारी को संगठन के साथ जोड़ें। उनकी समस्या और जीवन निर्वहन करने में आ रही दिक्कतों पर चरचा करते हुए संगठन के माध्यम से उनकी सहायता करें। इस मौके पर नीलम, किरण, अंजू कुमारी, भूमा देवी, संजो देवी, सुनीता, जया, राम प्यारी, कमला देवी, विद्या देवी, पुष्पा सहित 25 एकल नारियों ने हिस्सा लिया।
