किरण/ पधर ( मंडी )
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र की तानाशाह सरकार की गलत नीतियों की वजह से आज देश संकट के दौर से गुजर रहा है। आम जनता महंगाई के बोझ तले पिसती जा रही है। आम जनता को राहत प्रदान करने के बजाय सरकार बड़े बड़े पूंजीपतियों और उद्योगपतियों की मदद कर रही है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में जब केंद्र में यूपीए सरकार थी। उस दौरान किसानों के 75 हजार करोड़ रुपए के कर्ज माफ किए गए थे। जबकि वर्तमान मोदी सरकार ने बड़े-बड़े उद्योगपतियों अंबानी, अडानी और डालमिया के 78 हजार करोड रुपए के कर्ज माफ किए हैं। किसान कर्ज के बोझ तले दबकर आत्महत्या कर रहा है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के
द्रंग विधानसभा क्षेत्र के कटौला में आयोजित अल्पसंख्यक विभाग कांग्रेस की बैठक को संबोधित करते हुए कौल सिंह ठाकुर ने प्रदेश सरकार को भी आड़े हाथ लिया। कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश का विकास करवाने में पूरी तरह विफल रहे हैं। सरकार की फिजूलखर्ची से प्रदेश दिवालिए के कगार पर खड़ा हुआ है।
आजादी का अमृत महोत्सव-प्रगतिशील हिमाचल कार्यक्रम के तहत सरकारी धन का दुरपयोग और करोड़ों रुपए की फिजूलखर्ची की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का 137 साल पुराना इतिहास है। कांग्रेस धर्मनिरपेक्षता पर विश्वास रखती है। हर वर्ग, जाति, धर्म और संप्रदाय के उत्थान को लेकर नीतियां और कार्यक्रम बनाए हैं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों के लिए जन हितेषी योजनाएं और कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे।
बैठक अल्पसंख्यक विभाग के ब्लाक अध्यक्ष अमीर हुसैन की अध्यक्षता में संपन हुई। जिसमे वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष गुलजार मोहम्मद भारती, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष बामन देव ठाकुर, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश सचिव नूर अली, द्रंग ब्लाक महासचिव मोहम्मद अली सहित और माम हुसैन ने भी अपने विचार रखे।
इस दौरान जिला कांग्रेस महासचिव जोगिंदर गुलेरिया ब्लॉक कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूप सिंह धरवाल, अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष कर्म चंद भाटिया, सचिव परस राम, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रेशमा ठाकुर, मंडल अध्यक्ष दलीप सिंह ठाकुर, उप प्रधान शिव चंद, सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
