अंशुल शर्मा ।भराड़ी
बिलासपुर जिले की ग्राम पंचायत पंतेहड़ा से रखते थे सम्बंध!!
मनाली: बीती रात मनाली में बिलासपुर जिले से सम्बंध रखने वाले एक व्यवसायी का निधन हो गया। सूचना के मुताबिक 48 वर्षीय व्यवसायी अनिल शर्मा का हृदयगति रुकने से देर सायं निधन हो गया।
अनिल शर्मा बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल की ग्राम पंचायत पंतेहड़ा के गांव थुईला के रहने वाले थे।
जैसे ही उनके निधन की खबर मनाली वासियों को मिली तो बहुत सारे व्यवसायी और स्थानीय लोग मिशन अस्पताल मनाली में एकत्रित हो गए।
उसके बाद नगर परिषद अध्यक्ष चमन कपूर ने अपने अन्य साथियों सहित मृतक व्यवसायी अनिल शर्मा के शव को उनके पैतृक गांव पंतेहड़ा भेजने की व्यवस्था की। वहीं चमन कपूर ने अनिल शर्मा के निधन पर दुःख प्रकट करते हुए कहा कि अनिल शर्मा बेहद ही मिलनसार व्यक्ति थे जिसकी बदौलत उन्होंने मनाली में अपनी अलग पहचान बनाई थी। इसके बाद वे उनके परिवार से भी मिले और अपनी संवेदनाएं प्रकट कर मृतक के परिवार का ढाढस बंधाया।
रात को जैसे ही यह दुःखद समाचार प्रधान नीरज शर्मा के माध्यम से उनके पैतृक गांव में पहुंचा तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी। अधिकतर लोग रात को ही उनके पैतृक गांव पहुंचने शुरू गए और उनकी पैतृक देह घर पहुंचने से पहले ही सैंकड़ों लोग इकठ्ठे हो गए थे।
ग्रामीणों ने बताया कि अनिल शर्मा अपने परिवार सहित पिछले काफी सालों से मनाली में ही अपना व्यवसाय कर रहे थे। उनके साथ उनके छोटे भाई पवन शर्मा भी मनाली में ही एक मशहूर व्यवसायी हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उनका अपने पैतृक गांव थुईला से बेहद ही लगाव था और समय समय पर समाजसेवी कामों में भी अपना सहयोग करते रहते थे।
सुबह जब करीब 5 बजे अनिल शर्मा की पार्थिक देह उनके पैतृक गांव पंतेहड़ा में पहुंची तो माहौल गमगीन हो गया। जिसके बाद उनका पैतृक श्मशानघाट में अंतिम संस्कार किया गया। उनके अंतिम संस्कार में मनाली से भी बहुत सारे गणमान्य लोग और व्यवसायी पहुंचे थे।
उनके निधन पर ग्राम पंचायत पंतेहड़ा ने भी गहरा शोक व्यक्त किया और ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए कामना की।