किरण / पधर ( मंडी )।
ब्लाक कांग्रेस द्रंग के अध्यक्ष बामन देव ठाकुर ने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने क्षेत्र की सभी 71 पंचायतों में कांग्रेस कमेटियों को सरकार की नाकामियों को लेकर जागरूक करने का विशेष अभियान चलाया है। इसके लिए पंचायत स्तर पर बैठकें की जा रही है, जिसमें बढ़चढ़ कर कार्यकर्ता भाग के रहे हैं।
उन्होंने कहा कि द्रंग विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा कर रह गई हैं। जिस बजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बार बार मांग करने पर भी प्रदेश सरकार इस ओर ध्यान नही दे रही है। विधायक जवाहर ठाकुर भी लोगों की मांगों को अनसुना कर रहे हैं। जिससे जनता में खासा आक्रोश है।
रविवार को द्रंग विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुफरी में कांग्रेस कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के पांच साल के कार्यकाल में क्षेत्र विकास के मामले में पिछड़ कर रह गया है। इस बात का जनता को भी मलाल है। कुफरी आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले 5 सालों से डॉक्टर का पद रिक्त चल रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों की बार बार मांग के बावजूद स्थानीय विधायक और प्रदेश सरकार ने कोई सुध तक नही ली।
विधानसभा क्षेत्र में ऐसे दर्जनों स्वास्थ्य संस्थान हैं। जहां डॉक्टरों अध्यापकों के पद रिक्त चल रहे हैं। सिविल अस्पताल पधर में 4 स्पेशलिस्ट डॉक्टर तैनात थे, आज एक भी नहीं है। स्कूलों में अध्यापक नहीं हैं। विद्यार्थी और अभिभावक परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि लोगों ने पूर्व सरकार और वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल की तुलना कर अब कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाना शुरू कर दिया है।
इसके लिए कार्यकर्ता डोर टू डोर जाकर प्रचार प्रसार करे।
इस दौरान जिला कांग्रेस महासचिव हेम सिंह पधर मंडल अध्यक्ष गिरधारी लाल, ब्लॉक कांग्रेस वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूप सिंह धरवाल, उपाध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा, प्रेम सिंह यादव, ओमप्रकाश, गुरुदेव, रूप सिंह, रविंद्र कुमार, गोविंद राम, राकेश कुमार, नीलमणि, एनएस राणा, कुलदीप सिंह, भानु कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
